सीएम नायब सिंह सैनी ने किया जीजेयू के कैलेंडर का विमोचन

सीएम नायब सिंह सैनी ने किया जीजेयू के कैलेंडर का विमोचन

हिसार, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन  किया है। कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने मुख्यमंत्री से चंडीगढ़ में विशेष भेंट के दौरान विवि की रैंकिंग तथा अन्य उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।

 

कुलपति ने मुख्यमंत्री को बताया कि विवि ने प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के विजन पर आधारित नए रोजगारपरक कोर्स आरंभ किए हैं। विदेशों के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के साथ एमओयू किए गए हैं। बीएससी नर्सिंग कोर्स आरंभ करने वाला जीजेयू प्रदेश का पहला राज्य विवि बना है। विवि द्वारा यूजी कोर्सिज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पहले ही लागू की जा चुकी है। आगामी सत्र से पीजी कोर्सिज में भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू कर दी जाएगी। कुलपति ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विवि के आगामी विजन के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से गुजवि को हर संभव सहयोग का विश्वास भी दिलाया।


इससे पहले पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्यातिथि, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों और सतत मूल्यांकन के लिए नेशनल एजुकेशन इवैल्यूएशन एंड वेलिडेशन (नीव) पोर्टल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में ज्ञान सेतु पहल के अंतर्गत स्वर्ण जयंती हरियाणा इंस्टीट्यूट फॉर फिस्कल मैनेजमेंट और राज्य के 28 प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के बीच एमओयू हुए। जीजेयू की ओर से कुलपति प्रो. नरसीराम ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए तथा मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एमओयू का आदान प्रदान किया गया।