सीएम नायब सैनी ने किया एमडीयू में गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल का शिलान्यास
5 करोड़ की लागत से बनेगा 150 छात्राओं की क्षमता का भवन।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को एमडीयू के अभिलाषा कन्या छात्रावास परिसर में गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल के निर्माण का शिलान्यास किया। महिला खिलाडिय़ों को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल इस प्रस्तावित गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल की क्षमता 150 छात्राओं की होगी। इस बहुमंजिला (ग्राउंड प्लस तीन) संरचना का कुल कवर एरिया लगभग 2374 वर्ग मीटर निर्धारित किया गया है, जिस पर करीब 5 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस परियोजना की प्रमुख विशेषताओं के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर चार कमरे, वार्डन कक्ष संलग्न शौचालय सहित, किचन, डाइनिंग एरिया, कॉमन रूम तथा स्टोर की व्यवस्था होगी। प्रथम तल पर बालकनी सहित छह कमरे बनाए जाएंगे, जबकि द्वितीय और तृतीय तल पर छह-छह डॉरमेट्री का निर्माण प्रस्तावित है। प्रत्येक मंजिल पर शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए बाधा-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्षा डॉ मल्लिका नड्डा, प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, कुलसचिव डॉ कृष्णकांत, चीफ वार्डन गर्ल्स प्रो सपना गर्ग सहित हॉस्टल वार्डन्स, छात्राएं और गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

