मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल के पक्ष में रादौर में की विजय संकल्प रैली

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल के पक्ष में रादौर में की विजय संकल्प रैली

रादौर (कुरुक्षेत्र), गिरीश सैनी।हरियाणा के मुख्यमंत्री दलनायब सिंह सैनी ने कहा है कि कांग्रेस के अनेक  नेता कांग्रेस में घुटन महसूस कर बाहर निकलने का रास्ता देख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के कांग्रेस छोड़ने की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा के भी कई कांग्रेसी नेता वर्तमान में रास्ता देख रहे हैं कि किस रास्ते से उन्हें निकलना है। 
मुख्यमंत्री रविवार को रादौर में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल के पक्ष में "विजय संकल्प रैली" को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उपस्थित जनसमूह से आग्रह किया कि नवीन और नायब को एक ही समझें और दोनों की राशि भी एक ही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 55 साल के शासनकाल में गरीब और भी गरीब हुआ, जबकि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कल्याणकारी नीतियां बनाकर उसे ऐसे योजनाबद्ध तरीके से उन्हें लागू करने का काम किया है कि देश के 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज न नेता है,न नीति है और न ही नीयत है। जबकि भाजपा के पास नरेन्द्र मोदी के रूप में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ नेता हैं, जिनकी नीयत देश को विकसित बनाने की है और उनके पास शानदार नीति है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना,जनधन खाता योजना,हर नल से जल योजना,उज्ज्वला योजना जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से गरीबों का जीवन स्तर ऊपर उठाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी और गति से विकास के कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के 80 करोड़ लोगों को अगले 5 साल तक मुफ्त राशन देने का प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है और यह भी संकल्प किया है कि तीसरी बार सरकार बनने पर देश के 70 वर्ष की आयु के हर व्यक्ति को आयुष्मान कार्ड दिया जाएगा, ताकि उन्हें अपने इलाज के लिए किसी की तरफ देखना ना पड़े।

कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार नवीन जिंदल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के लिए जो कार्य किया है वह बेमिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है और जिसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। नवीन जिंदल ने हरियाणा सरकार द्वारा पारदर्शिता दिखाते हुए बिना खर्ची-बिना पर्ची नौकरी देने की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं को काफी लाभ हुआ है। 

हरियाणा के पूर्व मंत्री और भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के संयोजक करण देव कंबोज ने भी रैली को संबोधित किया।
कार्यक्रम में सरपंच डिम्पी सैनी की नेतृत्व में दर्जन भर लोगों ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।