मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बादली विधानसभा की "विजय संकल्प रैली" को किया संबोधित

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बादली विधानसभा की

बादली (झज्जर), गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि कांग्रेस का काम झूठ बोलना, लोगों को बरगलाकर वोट हासिल करना है। मुख्यमंत्री ने मतदाताओं को सचेत करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को इन चुनावों में कांग्रेस के झूठ से सचेत रहना है। सीएम ने दावा किया कि तीसरी बार नरेंद्र मोदी की सरकार बनने पर देश में विकास की गति और तेज होगी। 

मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को रोहतक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ अरविंद शर्मा के समर्थन में बादली विधानसभा की "विजय संकल्प रैली" को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 10 सालों में किसान की खुशहाली के लिए काम हुए हैं। युवाओं के रोजगार और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य हुआ है। महिलाओं को सशक्त करने का काम हुआ है और देश को मजबूत करने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले और बाद के भारत में अंतर साफ नजर आता है। इन 10 सालों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयां को छूने का काम किया है। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस राज में कांग्रेसी नेताओं को हरियाणा के लोगों की चिंता नहीं होती थी, बल्कि वह दिल्ली में बैठे अपने आकाओं की हाजिरी भरने में लगे रहते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में एक युवा को नौकरी लगने के लिए पूरा गांव मंत्री और मुख्यमंत्री के चक्कर काटता था, लेकिन हरियाणा में मनोहर लाल की सरकार बनने के बाद नौकरियों का सिस्टम ऐसा बना दिया गया कि अब किसी को भी कहीं चक्कर काटने की जरूरत नहीं है और न ही किसी को कोई पैसे देने की जरूरत है। ऐसे में युवाओं का शिक्षा के प्रति विश्वास पैदा हुआ है। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के अधिकारियों को साफ रूप से निर्देश दिए कि वह भाजपा के कार्यकर्ता जब भी कोई काम लेकर आएं तो प्राथमिकता के आधार पर करने का काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता लोगों के हित के लिए बोलते हैं और लोगों के काम लेकर आते हैं। वह कोई गलत काम करवाने के लिए कभी नहीं आते। 

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव घोषणा पत्र में न्याय की बात करती है, परंतु कांग्रेस राज में सदा अन्याय होता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 को खत्म करने और तीन तलाक सिस्टम को समाप्त करने का काम करके देश के लोगों के साथ न्याय करने का काम किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं बादली विजय संकल्प रैली संयोजक ओमप्रकाश धनखड़ व रोहतक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ अरविंद शर्मा ने भी संबोधन किया।