मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा की भाभी के निधन पर दुख व्यक्त किया

सीएम ने सिंधु निवास पहुंचकर पूर्व वित्त मंत्री एवं परिजनों से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा की भाभी के निधन पर दुख व्यक्त किया

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भाभी दिवंगत राजवती के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने रोहतक स्थित उनके आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिवंगत राजवती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने बाद में प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि स्व. राजवती धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थी, जिन्होंने सम्पूर्ण परिवार को संगठित रखते हुए लगातार आगे बढ़ाया। उनका पूरा जीवन सामाजिक और धार्मिक कार्यों में व्यतीत हुआ। मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रदेश के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने भी दिवंगत राजवती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, लोकसभा सांसद जयप्रकाश एवं सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, विधायक भारत भूषण बत्तरा, विधायक शकुंतला खटक, विधायक राजेश जून, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अभिमन्यु के निवास स्थान सिंधु निवास पहुंचकर उनकी माता दिवंगत परमेश्वरी देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु व परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर सहित अन्य मौजूद रहे।