मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक वासियों को दी 7 विकास परियोजनाओं की सौगात

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों की 153 विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास/ उद्घाटन।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक वासियों को दी 7 विकास परियोजनाओं की सौगात

रोहतक, गिरीश सैनी । मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हिसार से विभिन्न जिलों की 153 नई विकास परियोजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शिलान्यास/उद्घाटन किया। इन विकास परियोजनाओं पर 2024 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। इन विकास परियोजनाओं में जिला रोहतक की 7 विकास परियोजनाएं शामिल है, जिन पर 78.80 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जायेगी। स्थानीय स्तर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा तथा पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने इन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन किया। 

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर के साथ स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में स्थानीय स्तर पर जिला की 7 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से जिला के विभिन्न गांवों के लोगों तथा रोहतक शहर वासियों को लाभ मिलेगा। सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोविड काल के बाद 8वीं बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकास परियोजनाओं की प्रदेशवासियों को सौगात दी है। उन्होंने विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन 7 विकास परियोजनाओं में से 5 विकास परियोजनाएं सिंचाई विभाग तथा 2 विकास परियोजनाएं लोक निर्माण विभाग की परियोजनाएं है। 

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि शहरवासियों को एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ-साथ शीघ्र ही नई सड़क का तोहफा मिलेगा। इस सड़क के निर्माण से न केवल लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि आर्थिक रूप से भी शहरवासियों को इसका लाभ होगा। स्थानीय चिन्योट कॉलोनी से सेक्टर 6 में निर्मित रेलवे अंडरपास तक एलिवेटेड ट्रैक के साथ-साथ सड़क का निर्माण करवाया जायेगा। मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रदेश में सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई गई है तथा मेडिकल की सीटें भी लगभग 5 गुणा बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गइ घोषणाएं समय पर पूर्ण होने की गारंटी है। केंद्रीय सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी द्वारा समय से पूर्व विकास योजनाओं को पूर्ण करवाया जा रहा है। देश के साथ-साथ प्रदेश में भी सडक़ों का जाल बिछाया गया है।

इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, नगराधीश मुकुंद तंवर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता सुखबीर सिंह, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।