चौतांग का सफाई अभियान प्रारंभः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

नागरिकों से किया अवैध कब्जे छोड़ने का आह्वान।

चौतांग का सफाई अभियान प्रारंभः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्राचीन दृषद्वती के अवशेष स्वरूप मानी जाने वाली चौतांग का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक और नैतिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से चौतांग नदी की सफाई का कार्य बुटाना गांव से प्रारंभ कर दिया गया है, जो चरणबद्ध तरीके से आगामी दिनों में नीलोखेड़ी तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि चौतांग के पुनर्जीवन से क्षेत्र की प्राचीन विरासत को नई पहचान मिलेगी तथा आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ सकेंगी।

डॉ. चौहान ने अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सफाई कार्य पूरी गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नदी के प्रत्येक हिस्से की प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इसे एक स्वच्छ एवं आकर्षक धरोहर स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने नीलोखेड़ी में चौतांग के पूर्वी पटरी पर मौजूद अवैध कब्जों को हटाने के लिए इसकी निशानदेही के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कागजी कार्यवाही शुरू करने को कहा। उन्होंने पटरी पर मौजूद अवैध कब्जे समाप्त करने के लिए आगे आने का आह्वान संबंधित नागरिकों से किया। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग, सरस्वती बोर्ड व नगर पालिका मिल कर दृषद्वती के शहरी हिस्से को नीलोखेड़ी के सबसे सुंदर, रमणीय व धार्मिक स्थल के रूप में विकसित कर सकते हैं। मगर इसकी शुरुआत कब्जे हटाने से होगी और शहर के लोग अपने शहर की बेहतरी के लिए यह कार्य खुद करें तो यह अपने आप में अनूठा उदाहरण होगा।

हरियाणा सरस्वती विरासत विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच ने कहा कि वैदिक काल में सरस्वती की प्रमुख सहयोगी नदी के रूप में वर्णित दृषद्वती के संरक्षण की दिशा में पहला कदम है इसकी विधिवत सफाई। इसके बाद इस प्राचीन धरोहर के संरक्षण और पुनर्जन्म की विस्तृत योजना बनाई जा सकेगी तथा इसे जन-जागरूकता और पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता संदीप शर्मा ने बताया कि चौतांग नदी की सफाई का कार्य समाना गांव से प्रारंभ कर दिया गया है। विभाग द्वारा मशीनों एवं आवश्यक संसाधनों के माध्यम से कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्धारित योजना के अनुसार अगले कुछ दिनों में सफाई अभियान नीलोखेड़ी तक पहुंच जाएगा तथा कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।