दशलक्षण पर्व में गूंजे पुष्पदंत भगवान के जयकारे, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

दशलक्षण पर्व में गूंजे पुष्पदंत भगवान के जयकारे, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय सेक्टर-1 स्थित भगवान पार्श्वनाथ दिगंबर जैन गजरथ मंदिर में दशलक्षण महापर्व के चौथे दिन उत्तम शौच धर्म की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति के साथ की गई। इस दौरान भगवान पुष्पदंत का मोक्ष कल्याणक उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। समाज सेवी राजेश जैन व विजय जैन सहित अन्य श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, महाशांतिधारा के बाद सोलहकारण पूजा, दशलक्षण पूजन विधान तथा भगवान महावीर स्वामी और पुष्पदंत भगवान की पूजा की। अष्टद्रव्य से बने महाअर्घ्य और लड्डू भगवान के चरणों में समर्पित किए गए।

भोपाल से आए ऋषि एंड पार्टी के कलाकारों की भजन प्रस्तुति पर श्रद्धालु और महिलाओं की टोलियां भक्तिभाव से झूम उठीं। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते मंदिर परिसर में शाम को संगीतमय महाआरती के दौरान भगवान पुष्पदंत के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। इस दौरान दीपा जैन, संध्या जैन, स्मृद्धि जैन, रीटा जैन, शिल्पी जैन, ताशी जैन, रानी जैन, रूबी जैन, सहित काफी संख्या मे श्रद्धालु मौजूद रहे।