पूर्व संगठन महामंत्री दिनेश कुमार को चंडीगढ़ भाजपा ने किया सम्मानित

उनकी विदाई के लिए पार्टी कार्यालय कमलम में हुआ सम्मान समारोह 

पूर्व संगठन महामंत्री दिनेश कुमार को चंडीगढ़ भाजपा ने किया सम्मानित

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के यूपी प्रदेश के उपाध्यक्ष बनने पर दिनेश शर्मा को चंडीगढ़ भाजपा के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। दिनेश शर्मा छह साल तक भाजपा के पंजाब व चंडीगढ़ प्रदेश के संगठन महामंत्री रहे। शुक्रवार को उन्हें विदाई देने और सम्मानित करने के लिए भाजपा चंडीगढ़ की ओर से पार्टी कार्यालय कमलम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, नगर निगम चुनाव के प्रभारी विनोद तावड़े, मेयर रविकांत शर्मा, पूर्व मेयर कमला शर्मा, प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्‌टी और चंद्रशेखर भी उपस्थित थे। 
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता कैलाश जैन ने बताया कि दिनेश शर्मा को कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सम्मानित किया और उन्हें यूपी में पार्टी के उपाध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी। दिनेश ने भी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार जताया। 
इस मौके पर सूद ने कहा कि दिनेश कुमार ने पार्टी को अपने जीवन के 40 साल दिए हैं। उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों में रहते हुए भारतीय जनता पार्टी के विकास के लिए सेवा दी है। सूद ने कहा कि आज का दिन उन्हें विदाई देने का दिन है। लेकिन हमें खुशी भी है कि पार्टी ने उनकी योग्यता देखते हुए उन्हें यूपी जैसे बड़े राज्य में जिम्मेदारी दी है। सूद ने कहा कि ये हम सबके लिए ये गर्व का भी विषय है। दिनेश ने जो हमारा मार्गदर्शन किया है हम उनके ऋणी हैं। उनके साथ बिताया समय हम सबके लिए यागदार रहेगा। सूद ने कहा कि आने वाले समय में यूपी में विधानसभा चुनाव हैं और दिनेश की क्षमता देखते हुए उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। हमें उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी को वहां भी विशाल जीत मिलेगी।