पं. दीन दयाल उपाध्याय के सपने को साकार कर रही केंद्र व प्रदेश सरकारः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

पं. दीन दयाल उपाध्याय के सपने को साकार कर रही केंद्र व प्रदेश सरकारः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी । देशभर में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतोदय की भावना से कार्य करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपना को साकार करने का कार्य कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा की गाड़ी कोई साधारण वाहन न होकर प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी की गाड़ी है, जहां-जहां शहर व गांव में गाड़ी पहुंच रही है वहां-वहां पर एक दर्जन से भी अधिक विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहते हैं और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मौके पर देना सुनिश्चित किया जाता है।

उपरोक्त बात हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने मंगलवार को नगर निगम के वार्ड नम्बर 14 में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 30 नवंबर को शुरू हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा लगातार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पहुंच रही है। जिन पात्र परिवार अथवा लोगों को सरकार की योजना का लाभ नहीं मिला है उनको योजनाओं के लाभ का हकदार बनाया जा रहा है। अगर किसी लाभार्थी को योजनाओं के लाभ से संबंधित कोई समस्या आ रही है तो मौके पर ही उसका समाधान भी किया जा रहा है।

मनीष ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा में 29 लाख परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। जबकि देश भर में करीब 90 करोड़ लोगों के हाथों में आयुष्मान कार्ड है, जिसके तहत पात्र व्यक्ति का 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा सुनिश्चित किया गया है। पात्र व्यक्ति पैनल में शामिल किए गए निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक 82 करोड़ लोगों को 5 किलो प्रति व्यक्ति अनाज मुफ्त देना भी सुनिश्चित किया है। उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को निशुल्क गैस सिलेंडर व चूल्हे प्रदान किए जा रहे हैं।

ग्रोवर ने कहा कि केंद्र सरकार की योजना के चलते करोड़ों परिवारों को गरीबों की रेखा से ऊपर लाया गया है। हरियाणा प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता लाई गई है। मेरिट के आधार पर योग्य लोगों को नौकरियां प्रदान की जा रही है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते देश लगातार मजबूत हो रहा है। आतंकवादियों पर नकेल डाली गई है। कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किये। लाभार्थियों को मनीष ग्रोवर ने शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान भी किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को विकसित भारत की शपथ भी दिलाई गई।

इस दौरान मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती प्रदान की है। परिणाम स्वरूप हरियाणा में बड़े उद्योगों की स्थापना हुई है, जिससे युवाओं को रोजगार मिला है। पार्षद राधेश्याम ढल ने आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह मलिक व एक्सईएन मनदीप धनखड़ व अमित कुमार, रमेश भाटिया, पार्षद सुरेश किराड़, अशोक सहगल, आशा शर्मा, उषा शर्मा, युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, सुरेश सैनी मौजूद रहे।