सुशासन में उत्कृष्ट काम पर मिलेगा 51 हजार तक का नकद पुरस्कारः डीसी सतबीर सिंह
ऑनलाइन आवेदन 25 नवंबर तक, राज्य और जिला स्तर पर होंगे सम्मानित
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, नवाचार और दक्षता को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सुशासन पुरस्कार योजना-2026 अधिसूचित की है। इसके तहत उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण कार्य करने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को 51 हजार रुपये तक की नकद राशि, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत राज्य स्तर पर राज्य फ्लैगशिप और राज्य पुरस्कार श्रेणियों में अधिकतम पांच-पांच पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा जिला स्तर पर भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से अथवा अधिकतम चार सदस्यों की टीम बनाकर आवेदन कर सकते हैं। ग्रुप-ए, बी, सी और डी सहित विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों और सरकारी उपक्रमों के पात्र नियमित एवं निर्धारित श्रेणियों के संविदात्मक कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे।
पुरस्कारों के लिए 1 जनवरी 2025 से 30 अक्टूबर 2026 तक के कार्यों का मूल्यांकन होगा। विजेताओं का चयन अधिमानतः 15 दिसंबर तक किया जाएगा। आवेदन haryanagoodgovernanceawards.haryana.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन करना अनिवार्य है।

Girish Saini

