पर्यावरण संकट से बचना है तो पौधों की देखभाल भी जरूरीः प्रो. मिलाप पूनियाँ
एनएसएस दिवस पर एमडीयू में पौधारोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता रैली
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत एमडीयू में एनएसएस दिवस पर पौधारोपण अभियान और प्लास्टिक मुक्त जागरूकता रैली आयोजित की गई। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने मौलश्री का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान में विवि के शिक्षण विभागों और 10 संबद्ध महाविद्यालयों के करीब 100 एनएसएस स्वयंसेवकों व कार्यक्रम अधिकारियों ने भाग लिया।
कुलपति प्रो. पूनियाँ ने कहा कि भविष्य के पर्यावरणीय संकट से बचने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करनी होगी। वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर सामाजिक जिम्मेदारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त परिसर के साथ यह संदेश समाज तक पहुंचाया जा सकता है।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए पौधारोपण और पौधों के संरक्षण में सभी से योगदान का आह्वान किया। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना शिक्षा का अहम हिस्सा है
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने एनएसएस दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। निदेशक वानिकी प्रो. सुरेंद्र सिंह यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि निदेशक हॉर्टिकल्चर प्रो. दीपक कौशिक ने समन्वय किया। कार्यक्रम में प्रो. सरबजीत गिल, प्रो. पूजा सुनेजा, प्रो. रितु गिल, डॉ. महक दांगी, डॉ. मीनाक्षी हुड्डा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. अंजू पंवार, डॉ. गुरदयाल, डॉ. विकास, डॉ. शेरी, डॉ. नीतू, डॉ. अभिमन्यु मलिक एवं डॉ. प्रीति सहित शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, हॉर्टिकल्चर सेल कर्मी, एनएसएस स्वयंसेवक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

