आईएचएम द्वारा ग्रामीण युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय तिलियार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) द्वारा ग्रामीण अंचल के युवाओं को सही दिशा एवं करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से गांव कटेसरा में एक करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार संबंधी अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
बतौर मुख्य वक्ता, आईएचएम के प्राचार्य शंभूनाथ गौतम ने विद्यार्थियों को होटल प्रबंधन, हॉस्पिटैलिटी एवं बेकरी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों तथा रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में हॉस्पिटैलिटी उद्योग देश एवं विदेश में तेजी से विकसित हो रहा है तथा प्रशिक्षित युवाओं के लिए होटल, रेस्तरां, क्रूज, एयरलाइंस और पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं कौशल के अनुरूप करियर का चयन करने का सुझाव दिया।
इस दौरान यूथ मोटिवेटर संदीप कटारिया ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल आधारित शिक्षा (स्किल-बेस्ड एजुकेशन) और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषाई कौशल विकसित करने एवं कंप्यूटर शिक्षा में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान जतिन गुर्जर, बृजपाल, सुदामा, नरेन शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं विद्यार्थियों ने इस मार्गदर्शन सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Girish Saini 

