हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष बने कैप्टन अभिमन्यु
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन के शनिवार को संपन्न चुनाव में पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान बतौर पर्यवेक्षक आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उप प्रधान अमरेंद्र सिंह तथा हरियाणा ओलंपिक संघ के उप प्रधान राकेश सिंह मौजूद रहे।
दोनों पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर अजय सिंह (डीडीए, रिटायर्ड) ने परिणाम घोषित किए। इस दौरान एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। राजीव जैन व पवन शर्मा को उपाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता रामनिवास हुड्डा को सचिव, स्वर्ण सिंह व अमित यादव को संयुक्त सचिव और सुभाष श्योराण को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा, कार्यकारिणी सदस्यों में सुरेंद्र शर्मा, कपिल कुमार, मुनीत बेरवाल, दीपक अहलावत व संजय सुहाग शामिल है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा के आर्चरी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। नई कार्यकारिणी का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और समय पर प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करना रहेगा। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उप प्रधान अमरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा देश के अग्रणी आर्चरी राज्यों में शामिल है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया हरियाणा को हर संभव तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग प्रदान करेगा।
Girish Saini 


