छात्राओं व स्टाफ सदस्यों के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग तथा स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित होंगे
रोहतक, गिरीश सैनी। छात्राओं की कैपेसिटी बिल्डिंग, उनकी एम्प्लॉयबिलिटी तथा शैक्षणिक उन्नति के लिए महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय में कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, विस्तार व्याख्यान तथा प्रशिक्षण माड्यूल्स का आयोजन किया जाएगा। विशेष फोकस छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य तथा संस्कार मूल्य विकास पर रहेगा। इस आशय का निर्णय एमकेजेके की इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल की विशेष बैठक में लिया गया।
प्राचार्य डा. रश्मि लोहचब ने बताया कि इस बैठक में तय किया गया कि न केवल छात्राओं का बल्कि स्टाफ सदस्यों टीचिंग एवं नॉन टीचिंग के कैपेसिटी बिल्डिंग तथा स्किल डेवलपमेंट के लिए कार्यशाला तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस बैठक में बतौर विशेषज्ञ - एमडीयू के प्राध्यापक सुनित मुखर्जी, बीपीएसएमवी से प्रो. संकेत विज, सेवानिवृत अधिकारी ब्रिगेडियर एम.एस. हुड्डा ने भाग लिया तथा शैक्षणिक प्रशासनिक एवं कम्युनिटी आउटरीच गुणवत्ता अभिवृद्धि के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए। बैठक में उपस्थित विद्यार्थी प्रतिनिधि दीपांशी तथा पलक ने भी छात्राओं की जरूरतों बारे फीडबैक दी। आईक्यूएसी नोडल अधिकारी, लाइब्रेरियन उर्मिला राठी ने एजेंडा प्रस्तुत किया तथा पिछले सत्र के कार्यक्रमों आदि का लेखा जोखा प्रस्तुत किया।
बैठक में भविष्य में नैक एक्रीडिटेशन बारे तैयारी करने संबंधित चर्चा भी हुई। विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों तथा कम्युनिटी एनजीओ आदि से एमओयू पर भी बैठक में मंथन हुआ। बैठक में प्राध्यापिका डा. आशा खर्ब, डा. सविता मलिक, डा. अनिता चौधरी, डा. सुमन, सोफिया, कुसुम, डा. दीपिका तथा डा. सीमा शामिल हुए।

Girish Saini 

