समय पर पहचान और उचित उपचार से ठीक होता है कैंसरः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

सरकोमा एवं हड्डी के कैंसर को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

समय पर पहचान और उचित उपचार से ठीक होता है कैंसरः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि की ओपीडी में मंगलवार को हड्डी रोग विभाग द्वारा सरकोमा एवं हड्डी के कैंसर को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि यदि हड्डी में सूजन हो, शरीर में कहीं भी कोई गांठ दिखाई दे या हड्डी में लगातार दर्द बना रहे तो उसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें, क्योंकि वह गांठ कैंसर की हो सकती है। किसी प्रकार के भ्रम में पड़े बिना तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच कराएं। समय पर पहचान और उचित उपचार से अधिकांश रोगी पूरी तरह ठीक हो जाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज में यह संदेश पहुंचना चाहिए कि डरने के बजाय जांच कराना जरूरी है।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकोमा के लक्षण समझाने की सराहना करते हुए कहा कि पीजीआईएमएस में सभी प्रकार के कैंसर का उपचार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन निरंतर प्रयासरत है कि प्रदेश के हर मरीज को एक ही स्थान पर उत्तम जांच और उपचार की सुविधा मिले।

इस कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. रूप सिंह के नेतृत्व में किया गया। स्वागत संबोधन डॉ. आशीष देवगन तथा मंच संचालन डॉ. उमेश यादव ने किया। कुलसचिव और हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रूप सिंह ने कहा कि सरकोमा एक प्रकार का दुर्लभ कैंसर है। यह सभी वयस्कों में होने वाले कैंसर का लगभग एक प्रतिशत और बच्चों में होने वाले ठोस कैंसर का 15 से 20 प्रतिशत होता है। इसके सौ से अधिक प्रकार होते हैं, इसलिए विशेषज्ञ केंद्र में ही उपचार होना चाहिए। कुलसचिव ने कहा कि पीजीआईएमएस का हड्डी रोग विभाग प्रदेश के प्रमुख हड्डी एवं कोमल ऊतक ट्यूमर उपचार केंद्रों में से एक है, जहां हाथ-पैरों की हड्डियों और सॉफ्ट टिश्यू के ट्यूमर की हर प्रकार की सर्जरी निशुल्क की जाती है।

इस दौरान सरकोमा से ठीक हुए रोगियों को सम्मानित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इस दौरान डेंटल कालेज की प्राचार्या डॉ. मनु राठी, स्पोर्ट्स इंजरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश रोहिल्ला, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजूनाथ बीसी, डॉ. संजय मरवाह, डॉ. अलका, डॉ. सुनील, डॉ. डिंपल, डॉ. सुमन सहित विद्यार्थी एवं नागरिक मौजूद रहे।