जल-सुरक्षित हरियाणा के लिए नहर नेटवर्क होगा आधुनिकः श्रुति चौधरी

जल-सुरक्षित हरियाणा के लिए नहर नेटवर्क होगा आधुनिकः श्रुति चौधरी

रोहतक, गिरीश सैनी। महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि हरियाणा को जल-सुरक्षित बनाने के लिए नहर नेटवर्क और जल वितरण व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर तेजी से काम किया जा रहा है। करीब 6 हजार करोड़ रुपये की विश्व बैंक परियोजना के तहत नहरों के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य किया जा रहा है।

विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि प्रदेश को यमुना से करीब 1300 क्यूसेक अतिरिक्त पानी मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पानी को स्रोत से खेतों और अंतिम छोर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए नहरों की क्षमता बढ़ाने, रिसाव रोकने और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर है।

उन्होंने बताया कि आरटीडीएस और स्काडा जैसी आधुनिक तकनीकों से नहरों में पानी के प्रवाह की निगरानी और नियंत्रण किया जाएगा। फिलहाल दो स्थानों पर स्काडा प्रणाली स्थापित है, जिसे अन्य स्थानों तक विस्तार दिया जाएगा। सिंचाई मंत्री ने कहा कि अब सिंचाई व्यवस्था को अलग-अलग स्तर पर नहीं, बल्कि समग्र और एकीकृत प्रणाली के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि भावी पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद रहे।