कुपोषण के खिलाफ जिले में अभियान शुरू, डीसी ने अधिकारियों को दिलाई शपथ

8 अक्टूबर तक चलेंगी जागरूकता और पोषण संबंधी गतिविधियां।

कुपोषण के खिलाफ जिले में अभियान शुरू, डीसी ने अधिकारियों को दिलाई शपथ

रोहतक, गिरीश सैनी। जिले में पोषण माह का शुभारंभ बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में हुआ। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को कुपोषण मुक्त भारत बनाने और पोषण को जन आंदोलन का रूप देने की शपथ दिलाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 8 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण माह के तहत सभी निर्धारित गतिविधियां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से आयोजित करें।

उपायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को संतुलित एवं उचित पोषण उपलब्ध करवाने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपने आसपास के क्षेत्रों, गांवों और शहरों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने सही पोषण, स्तनपान, पूरक आहार, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुपोषण केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। सभी विभाग मिलकर प्रभावी प्रयास करें, ताकि हर बच्चे और मां तक पोषण संबंधी सुविधाओं एवं जानकारी की पहुंच सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को पोषण माह के तहत निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एडीसी नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुंवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह व नमिता सिंह, रोहतक सहकारी चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।