अग्निकांड पीड़ितों को मुआवजा नहीं मिला तो रोहतक बंद का आह्वानः व्यापारी नेता भाटिया
रोहतक, गिरीश सैनी। मॉडल टाउन कम्युनिटी सेंटर में रविवार को हुई व्यापारियों की आम बैठक में अग्निकांड पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग प्रमुखता से उठी। हरियाणा उद्योग व्यापार हित मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अनिल भाटिया ने कहा कि 9 जून को डी-पार्क व गोहाना स्टैंड स्थित शिव शक्ति फोम में हुए अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि राहत नहीं मिलने पर डी-पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे सत्याग्रह और भूख हड़ताल शुरू की जाएगी तथा जरूरत पड़ी तो रोहतक बंद का आह्वान किया जाएगा।
भाटिया ने स्थायी व्यापारी कल्याण कोष बनाने की मांग भी की। डेयरी संचालकों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कन्हेली में सुविधाएं विकसित किए बिना चालान व जुर्माने की कार्रवाई अनुचित है। बैठक में ₹2,000 से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत शुल्क का विरोध किया गया। व्यापारियों ने सफाई, सुरक्षा, ऑनलाइन कारोबार से स्थानीय दुकानदारों को हो रहे नुकसान समेत अन्य समस्याएं भी उठाईं।
इस दौरान महामंडलेश्वर राघव देव, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, कुलदीप केडी, देवेंद्र भारत, नंद कपूर, अजय धनखड़, ललित मोहन सैनी, पूर्व पार्षद अमर अरोड़ा, सहित अनेक बाजार एवं व्यापार मंडलों के प्रधान तथा प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Girish Saini 

