कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने डी-पार्क पहुंच कर आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिया

मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने डी-पार्क पहुंच कर आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिया

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को रोहतक में डी-पार्क पर दुकानों में हुई आगजनी के घटना स्थल का जायजा लिया और पीड़ित दुकानदारों से घटना बारे जानकारी ली। उन्होंने आगजनी का शिकार हुए लोगों के प्रति अपनी संवेदना भी प्रकट की। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से पीड़ितों के साथ है और उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों व दुकानों में सुरक्षा सेफ्टी के उचित प्रबंध करने की भी अपील की।

इसके बाद उन्होंने गांव पहरावर में पहुंच कर गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा द्वारा शिक्षण संस्थाओं के भवन निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने व निर्माण सामग्री में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा संस्था के प्रति जो सोच बनाई है उसी हिसाब से काम हो रहा है और जल्द ही सरकार द्वारा मैचिंग ग्रांट भी आ जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा भगवान परशुराम स्मृति स्थल के लिए चार एकड़ जमीन भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसका कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र केंद्र व प्रदेश में लगातार नई पॉलिसी बनाई जा रही है और दायरा भी बढ़ाया जा रहा है, जिससे लोगों को काफी लाभ होगा। इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य मौजूद रहे।