इस्माइला में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र की प्रतिमा का किया अनावरण

कहा, युवाओं को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देती रहेगी शहीद की प्रतिमा।

इस्माइला में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र की प्रतिमा का किया अनावरण

रोहतक, गिरीश सैनी। गांव इस्माइला में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र कौशिक की प्रतिमा का अनावरण कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया। उन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि करीब चार दशक तक देश की सेवा करने वाले जगमहेंद्र कौशिक का जीवन साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है। उनकी प्रतिमा नई पीढ़ी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

3 जनवरी 1967 को जन्मे जगमहेंद्र कौशिक 7 नवंबर 1986 को बीएसएफ में भर्ती हुए थे। लंबी सेवा के दौरान उन्हें तीन बार ऑल इंडिया पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने बीएसएफ में प्रशिक्षक के रूप में भी जवानों को प्रशिक्षण दिया।

मंत्री डॉ. शर्मा ने बताया कि जम्मू में कंपनी कमांडर के रूप में तैनाती के दौरान कौशिक ने सर्च अभियान में पाकिस्तान की ओर से बनाई गई दो सुरंगों का पता लगाया था। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि और बहादुरी के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। 15 फरवरी 2024 को श्रीगंगानगर में ड्यूटी के दौरान उनका निधन हुआ।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान विपरीत परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करते हैं। युवाओं को शहीद कौशिक के जीवन से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाना चाहिए। इस दौरान बीएसएफ की 48वीं वाहिनी के कमांडेंट सुरेश कुमार, डिप्टी कमांडेंट रामबीर सांगवान, जवान, शहीद के परिजन और ग्रामीण मौजूद रहे।