कैबिनेट मंत्री डॉ अरविन्द शर्मा ने दिलवाई गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान को शपथ
संघ के लिए 6 लाख रूपए अनुदान की घोषणा।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए गंभीर है और कर्मचारी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि गैर-शिक्षक कर्मचारी- प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनके कल्याण और कार्य-सुविधाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की गतिविधियों और कल्याणकारी कार्यों को सशक्त बनाने के लिए 6 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा भी की। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने नवनिर्वाचित प्रधान और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि गैर-शिक्षक कर्मचारी विवि की प्रगति का अहम और अटूट पहिया हैं। कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने सकारात्मक सोच और टीम वर्क के साथ कार्य करने की बात कही।
नवनिर्वाचित प्रधान सुरेश कौशिक ने स्वागत भाषण में कर्मचारियों की मांगों और अपेक्षाओं को प्रस्तुत करते हुए उन्हें पूरा करवाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अजय कुमार ने मंच संचालन किया। पूर्व प्रधान फूल कुमार बोहत ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, पूर्व विधायक नरेश शर्मा, ओलंपियन योगेश्वर दत्त सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
Girish Saini 


