बेहतर कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और आधुनिक दूरसंचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है बीएसएनएलः वाणिज्य क्षेत्र प्रमुख इसरार अहमद
स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल लाया खास ऑफर, 4जी नेटवर्क विस्तार को मिलेगी रफ्तार।
रोहतक, गिरीश सैनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएसएनएल ने उपभोक्ताओं के लिए मोबाइल और एफटीटीएच सेवाओं पर विशेष ऑफरों की घोषणा की है। शुक्रवार को बीएसएनएल के वाणिज्य क्षेत्र प्रमुख इसरार अहमद ने इस आशय की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ग्राहक-केंद्रित पहलों और नेटवर्क विस्तार की जानकारी साझा की।
इसरार अहमद ने बताया कि ₹1 फ्रीडम प्लान के तहत फ्री सिम, अनलिमिटेड कॉलिंग, प्रतिदिन 1 जीबी डेटा और 100 एसएमएस 24 दिनों की वैधता के साथ उपलब्ध हैं। वहीं, ₹2399 वार्षिक प्लान में प्रतिदिन 2 जीबी डेटा और 100 एसएमएस के साथ 412 दिनों की वैधता दी जा रही है।
एफटीटीएच उपभोक्ताओं के लिए ₹1199 वाला प्लान अब ₹1111 प्रतिमाह में उपलब्ध है। इसमें 200 एमबीपीएस इंटरनेट स्पीड, 27 ओटीटी ऐप्स, 5000 जीबी डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग शामिल है। वहीं, ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए ₹259 प्रतिमाह में 25 एमबीपीएस स्पीड, वेव्स ओटीटी और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि बीएसएनएल देशभर में अपने 4जी नेटवर्क को तेजी से विस्तार दे रहा है। कंपनी ने 26,300 से अधिक अतिरिक्त 4जी बीटीएस साइटों की तैनाती के लिए ऑर्डर दिया है। इससे शहरों, कस्बों, गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में 4जी नेटवर्क कवरेज बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि स्वदेशी तकनीक पर आधारित बीएसएनएल का 4जी नेटवर्क 5जी में अपग्रेड किए जाने में सक्षम है। नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन से कवरेज, डेटा स्पीड और कॉल गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।
वाणिज्य क्षेत्र प्रमुख अहमद ने कहा कि बीएसएनएल का लक्ष्य बेहतर कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और उपभोक्ताओं को आधुनिक दूरसंचार सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
दूरदराज क्षेत्रों में भी संचार की मजबूत कड़ी बना रहा बीएसएनएल
इसरार अहमद ने बताया कि बीएसएनएल सैटेलाइट कनेक्टिविटी के माध्यम से ग्लोबल सैटेलाइट फोन सेवा उपलब्ध करा रहा है, जिससे उन दुर्गम क्षेत्रों में भी निर्बाध वॉयस संचार संभव हो रहा है, जहां पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क की पहुंच सीमित या अनुपलब्ध है। भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण, दूरस्थ और संचार की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों के लिए यह सेवा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। देश के विविध एवं कठिन भू-भागों में संचार सुविधा को विस्तार देकर बीएसएनएल न केवल कनेक्टिविटी की खाई को पाट रहा है, बल्कि आपदा, आपातकाल और अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भरोसेमंद संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

Girish Saini 

