अब विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे बृजेंद्र सिंह
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह अब प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी जिलों में धन्यवाद दौरे किए जा रहे हैं, जिनमें सद्भाव यात्रा के दौरान साथ देने वाले कार्यकर्ताओं व समर्थकों का आभार जताया जा रहा है। रोहतक, पानीपत और फरीदाबाद में कार्यक्रम हो चुके हैं, जबकि 20 अगस्त को हिसार में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा।
बृजेंद्र सिंह ने मंगलवार को स्थानीय छोटूराम चौक स्थित नीली कोठी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संसद में जारी गतिरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही की मांग की। उन्होंने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन हैं, इसलिए इस घटना की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है और यही आक्रोश जंतर-मंतर पर भी देखने को मिला।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है और इससे अपराध तथा युवाओं के अवैध तरीके से विदेश जाने जैसी समस्याएं जुड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों और विवि की व्यवस्था कमजोर की जा रही है तथा स्टेट यूनिवर्सिटियों को पर्याप्त अनुदान नहीं मिल रहा। उन्होंने सरकार के बिना पर्ची, बिना खर्ची नौकरी के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे।
एसआईआर पर उन्होंने कहा कि इसका पहला चरण पूरा हो चुका है और दूसरा चरण महत्वपूर्ण है। अब लोगों को नोटिस मिलने शुरू होंगे, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि डेटा में तार्किक विसंगतियों के आधार पर नोटिस जारी हो सकते हैं और जवाब नहीं देने पर मतदाता सूची से नाम हटने का खतरा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने को कहा।
Girish Saini 

