एमडीयू में स्टार्टअप को रफ्तार देने पर मंथन
विद्यार्थियों के नए विचारों को उद्यम में बदलने के लिए मेंटरशिप और इन्क्यूबेशन पर जोर
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के नवाचार को उद्यम में बदलने के लिए कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें हरियाणा सरकार की स्टार्टअप योजनाओं के तहत उपलब्ध प्रोत्साहनों और विवि में स्टार्टअप गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा की गई।
कुलपति प्रो. पूनियाँ ने कहा कि विद्यार्थियों के नए विचारों को व्यावसायिक रूप देने के लिए प्रभावी मार्गदर्शन, मेंटरशिप और इन्क्यूबेशन सुविधाएं जरूरी हैं। विवि स्तर पर नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।
हरियाणा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के स्टार्टअप प्रिंसिपल कंसल्टेंट मुकुल आजाद ने प्रस्तुति के माध्यम से स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, प्रोत्साहनों और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों और नवाचार से जुड़े युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर भी प्रकाश डाला।
बैठक में कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया, प्रो. अजित कुमार, प्रो. अंजू धीमान समेत अन्य अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Girish Saini 

