बीपीएसएमवी की छात्राओं ने किया हड़प्पा कालीन पुरातत्व स्थल राखीगढ़ी का शैक्षणिक भ्रमण

बीपीएसएमवी की छात्राओं ने किया हड़प्पा कालीन पुरातत्व स्थल राखीगढ़ी का शैक्षणिक भ्रमण

खानपुर कलां, गिरीश सैनी। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के इतिहास एवं पुरातत्व विभाग की छात्राओं के दल ने शैक्षणिक भ्रमण पर पुरातत्व स्थल राखीगढ़ी एवं ऐतिहासिक नगरी हिसार की विजिट की।

महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने इस शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन की सराहना करते हुए विभागीय टीम को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के शैक्षणिक व बौद्धिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान में वृद्धि के साथ-साथ इस प्रकार की ऐतिहासिक जानकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी महत्वपूर्ण है।

इतिहास एवं पुरातत्व विभागाध्यक्षा डॉ अर्चना मलिक ने बताया कि 22 छात्राओं के इस दल ने विभाग के प्राध्यापक डॉ पिंकी एवं डॉ सुमेर के नेतृत्व में सन 1354 में सुल्तान फिरोजशाह तुगलक द्वारा बसाये गए हिसार-ए-फिरोजा में फिरोजशाह का महल, लाट की मस्जिद, दीवान-ए-आम, गूजरी महल, जहाज कोठी म्यूजियम की विजिट कर इनके इतिहास तथा वास्तुकला की जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात छात्राओं के दल ने सिंधु सभ्यता के प्राचीन पुरातत्व स्थलों में से एक राखीगढ़ी में मौजूद टीलों की विजिट की। छात्राओं ने यहां से खुदाई में प्राप्त हड़प्पा कालीन एवं परिपक्व हड़प्पा कालीन 4600 वर्ष पुराने मानव कंकाल, सुरक्षा दीवारों, ईंटों, पुरावशेष व पुरातात्विक अवशेषों के संरक्षण के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।