बीपीएचएस विद्यार्थियों ने जमीनी स्तर पर समझी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज (यूआईपीएचएस) के बैचलर ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज (बीपीएचएस) तृतीय सेमेस्टर के 30 विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र, माडोदी जाटान का शैक्षणिक भ्रमण किया। वरिष्ठ सलाहकार डॉ. आनंद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कक्षा में पढ़े सैद्धांतिक ज्ञान को जमीनी स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर समझा।
यूआईपीएचएस निदेशक प्रो. मुनीष गर्ग ने विद्यार्थियों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे। प्रो. गर्ग ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ क्षेत्रीय अनुभव भी जरूरी है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण उन्हें समुदाय की वास्तविक स्वास्थ्य जरूरतों को समझने तथा प्रभावी स्वास्थ्य नीतियां एवं सामुदायिक हस्तक्षेप तैयार करने में मदद करते हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं के वितरण, महामारी विज्ञान, सामुदायिक स्वास्थ्य व्यवस्था और पर्यावरणीय स्वच्छता सहित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के संचालन तथा समुदाय तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की प्रक्रिया को भी नजदीक से समझा। विद्यार्थियों ने कहा कि व्यावहारिक अनुभव से पाठ्यक्रम में पढ़ाए गए विषयों को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर समझने में मदद मिली।
Girish Saini 

