बीपीएचएस विद्यार्थियों ने चलाया मलेरिया जागरूकता अभियान

बीपीएचएस विद्यार्थियों ने चलाया मलेरिया जागरूकता अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के बैचलर ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज (बीपीएचएस) के विद्यार्थियों ने मलेरिया की रोकथाम को लेकर विवि परिसर में जागरूकता अभियान चलाया और पोस्टरों और प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को मलेरिया के लक्षणों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों ने परिसर में संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों का निरीक्षण किया और पानी जमा न होने देने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, मच्छर रोधी साधनों के इस्तेमाल तथा शरीर को ढककर रखने की सलाह दी। साथ ही, बुखार सहित मलेरिया के संभावित लक्षण सामने आने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

विद्यार्थियों ने कहा कि मलेरिया की रोकथाम के लिए व्यक्तिगत सावधानी के साथ सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं। परिसर को साफ रखना और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करना सभी की जिम्मेदारी है।

यूआईपीएचएस के निदेशक प्रो. मुनीष गर्ग ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता और रोग नियंत्रण के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ती हैं।