रोहतक जिले में 18 स्थानों पर योग शिविरों में हो रही बीपी, शुगर व जोड़ों के दर्द की जांचः डीसी सचिन गुप्ता
आयुष विभाग करेगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने आयुष विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग शिविरों में भाग लेने वाले वरिष्ठ नागरिकों की मौके पर ही ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर तथा जोड़ों से संबंधित रोगों की जांच जारी रखी जाये। विभाग द्वारा 18 योग सहायकों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा विभाग द्वारा स्थानीय सेक्टर 3 में पॉलिक्लिनिक, पीजीआईएमएस एवं नागरिक अस्पताल में भी नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने आयुष विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विभाग द्वारा गत माह के दौरान 29806 कुल ओपीडी में नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। विभाग द्वारा इसके अलावा 73 कैंप लगाकर नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यकता अनुसार इन मरीजों को दवा भी वितरित की गई।
उपायुक्त ने कहा कि विभाग द्वारा 18 योग सहायकों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न स्थलों पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है, जिनमें गांव आसन, आंवल, बैंसी, बखेता, भाली आनंदपुर, गढ़ी-बोहर, गिझी, इस्माइला, ककराना, खरेंटी, कुलताना, लाढौत, मकड़ौली कलां, नांदल, नयाबांस, रिठाल, सैंपल, सीसर खास, सुंडाना आदि शामिल है। वर्तमान में जिला में 68 आयुष ओपीडी केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की हिदायतों अनुसार 100 दिन के कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां करवाई जाये। विभाग द्वारा आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष में स्कूलों, महाविद्यालयों, पुलिस लाइन व अन्य स्थानों पर योग साधकों को योगासनों व प्राणायामों का अभ्यास करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि योग एवं आयुष पद्धतियों के माध्यम से निवारक स्वास्थ्य देखभाल जन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आयुष विभाग को योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा इसे व्यायामशालाओं, आयुष आरोग्य मंदिरों, औषधालयों व विद्यालयों के माध्यम से प्रचारित करने के निर्देश दिए। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल ने विभाग की उपलब्धियों व गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

Girish Saini 

