मेडिकल स्टोर संचालक से लूट में शामिल दोनों आरोपी चंद घंटो में गिरफ्तार।

मेडिकल स्टोर संचालक से लूट में शामिल दोनों आरोपी चंद घंटो में गिरफ्तार।

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक पुलिस ने गोहाना अड्डा रोहतक स्थित मेडिकल स्टोर संचालक के साथ हथियार के बल पर हुई लूट की वारदात को चंद घंटो में हल करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर अदालत के आदेश पर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

प्रभारी थाना आर्य नगर निरीक्षक देवेन्द्र सिंह ने बताया कि 09.09.2023 को पुलिस को मेडिकल हॉल गोहाना अड्डा रोहतक पर दो युवकों द्वारा पिस्तौल व चाकू के बल पर लूट की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरु की। मेडिकल स्टोर संचालक विनोद की शिकायत के आधार पर जांच में सामने आया कि विनोद की गोहाना अड्डा रोहतक पर सावन मैडिकोज के नाम से दुकान है। 09.09.2023 को सुबह करीब 11.30 बजे विनोद अपनी दुकान पर बैठा हुआ था तभी दो लड़के अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए व विनोद से दवाइयां मांगने लगे। विनोद दवाई देने के लिये घूमा तो दोनों लड़के दुकान के अंदर घुस गए व एक लड़के ने विनोद पर पिस्तौल तान दिया व दूसरे ने चाकू से वार किया। विनोद अपनी जान बचाने के लिये मेडिकल स्टोर के अंदर की सीढ़ियों से छत पर जाकर नीचे छलांग लगा दी जिससे विनोद को पैरों व कमर में चोट आई। लुटेरे युवक दुकान के गल्ले व विनोद की जेब से करीब 10 हजार रुपये व एक मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान 09.09.2023 को देर रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 10.09.2023 को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। आरोपियों की शिनाख्त परेड के लिये माननीय अदालत से अनुरोध किया गया है। शिनाख्त परेड के बाद आरोपियों को पुलिस रिमांड पर हासिल करके गहनता से पूछताछ की जाएगी।