सुपवा के छात्रों को बॉलीवुड एक्टर मेघ पंत सिखा रहे एक्टिंग के गुर

कैमरे के सामने भाव-भंगिमा से लेकर ऑडिशन की तैयारी तक की ट्रेनिंग।

सुपवा के छात्रों को बॉलीवुड एक्टर मेघ पंत सिखा रहे एक्टिंग के गुर

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के एक्टिंग छात्रों को इन दिनों बॉलीवुड अभिनेता मेघ पंत अभिनय की बारीकियां सिखा रहे हैं। एफटीवी में आयोजित एक्टिंग वर्कशॉप में छात्रों को कैमरे के सामने प्रभावी अभिनय, संवाद अदायगी, भावनाओं की अभिव्यक्ति और किरदार को समझने की तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह कार्यशाला एक्टिंग बैच-2019 के छात्रों के कोर्स वर्क का हिस्सा है।

भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे से प्रशिक्षित मेघ पंत नो स्मोकिंग, शंघाई और रॉकी हैंडसम सहित कई फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। वर्कशॉप में वे छात्रों के साथ अपने फिल्मी अनुभव साझा करने के साथ उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दे रहे हैं।

मेघ पंत ने छात्रों को बताया कि सिर्फ संवाद याद कर लेना अभिनय नहीं है। अच्छे अभिनेता के लिए किरदार की मानसिकता, उसकी परिस्थितियों और भावनाओं को समझना जरूरी है। उन्होंने छात्रों को चेहरे के भाव, आवाज के उतार-चढ़ाव और बॉडी लैंग्वेज पर लगातार काम करने की सलाह दी।

वर्कशॉप में छात्रों ने खुशी, दुख, गुस्सा, डर और प्यार जैसी अलग-अलग भावनाओं पर आधारित दृश्यों का अभ्यास किया। मेघ पंत ने प्रत्येक छात्र के प्रदर्शन को बारीकी से देखा और उनकी कमियों को बताते हुए सुधार के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि कैमरे के सामने अभिनय करते समय छोटी-सी गलती भी पूरे दृश्य के प्रभाव को बदल सकती है।

ऑडिशन की तैयारी के टिप्स भी दिए

कार्यशाला में छात्रों को फिल्म इंडस्ट्री में प्रवेश के लिए ऑडिशन की तैयारी के तरीके भी बताए जा रहे हैं। मेघ पंत ने कहा कि अभिनय के क्षेत्र में प्रतिभा के साथ अनुशासन, धैर्य और लगातार सीखते रहने की क्षमता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों से असफलताओं से निराश होने के बजाय प्रत्येक ऑडिशन और अनुभव से सीख लेने का आह्वान किया।

छात्रों ने फिल्म इंडस्ट्री में काम करने, ऑडिशन और करियर की चुनौतियों से जुड़े सवाल भी पूछे। मेघ पंत ने अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें मेहनत और ईमानदारी के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने कहा कि वर्कशॉप से उन्हें अभिनय को व्यावहारिक और नए नजरिए से समझने के साथ अपना आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।