भीषण गर्मी में परिंदों के लिए बीएमयू का सेव बर्ड्स अभियान
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स तथा डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन्स ने एक सराहनीय पहल करते हुए संयुक्त रूप से सेव बर्ड्सः फूड एंड वाटर ड्राइव कार्यक्रम आयोजित किया। इस अभियान का उद्देश्य बढ़ती गर्मी और जल स्रोतों के सूखते जाने के कारण पक्षियों को भोजन और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना तथा विद्यार्थियों में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना रहा।
बतौर मुख्य अतिथि डीन प्रो. अनिल कनवा, प्रो. जसप्रीत दहिया तथा प्रो. देवेंद्र वशिष्ठ ने शिरकत की। प्रो. अनिल कनवा ने कहा कि पक्षियों के लिए पानी और दाना उपलब्ध कराना न केवल एक सेवा है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारा कर्तव्य भी है। कार्यक्रम का संचालन प्रो. सुमन पहल और डॉ. तिलक राज रोहिल्ला के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान विवि परिसर में विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन रखे गए, जिनमें नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरने और दाना रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया गया कि वे अपने घरों व आसपास के क्षेत्रों में भी इस प्रकार की व्यवस्था करें, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को राहत मिल सके। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में विचार साझा करते हुए कहा कि यदि समय रहते हम प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझेंगे, तो आने वाले समय में इसका गंभीर प्रभाव मानव जीवन पर भी पड़ेगा।

Girish Saini 

