बीएमयूः रेबीज रोकथाम को लेकर टीकाकरण अभियान

बीएमयूः रेबीज रोकथाम को लेकर टीकाकरण अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में पशु चिकित्सा विज्ञान विभाग द्वारा गौशाला में जागरूकता एवं एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। इस वर्ष दिवस की थीम स्ट्रॉंगर टुगेदर रही।

कुलपति डॉ. बी.एम. यादव और कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान पशु चिकित्सा एवं पशुपालन डिप्लोमा विभाग के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने पशुओं का एंटी-रेबीज टीकाकरण किया। अभियान का उद्देश्य पशुओं में रेबीज की रोकथाम के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में इस घातक बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

विभाग के प्राचार्य डॉ. आर.एन. लठवाल ने रेबीज के कारण, संक्रमण के तरीके, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर सावधानी और उपचार से इस घातक बीमारी से बचाव संभव है।

पशु चिकित्सा शल्य चिकित्सक डॉ. विजेंद्र कुमार ने बताया कि संक्रमित पशु, विशेषकर कुत्ते के काटने या लार के संपर्क से रेबीज फैल सकता है। पशुओं का समय पर टीकाकरण, उचित प्रबंधन और जन जागरूकता इसकी रोकथाम की अहम कड़ी हैं। इस दौरान शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।