बीएमयू छात्रों ने वॉकाथॉन द्वारा दिया जन-जन और पृथ्वी कल्याण का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि के कुलपति प्रो. एच.एल. वर्मा के मार्गदर्शन में बाबा मस्तनाथ आयुर्वेदिक कॉलेज द्वारा वॉकाथॉन का आयोजन किया गया, जो दिल्ली बाईपास से शुरू होकर विवि परिसर में संपन्न हुआ। इस वॉकाथॉन का उद्देश्य आगामी आयुर्वेद दिवस 2025 (23 सितम्बर) के उपलक्ष्य में समाज को आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से जोड़ना था।
इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए” निर्धारित की गई है।
आयुर्वेदिक कॉलेज के डीन डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि इस वॉकाथॉन का उद्देश्य आयुर्वेद की प्राचीन और वैज्ञानिक परंपराओं को जन-जन तक पहुँचाना, युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और समाज को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस दौरान विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राचार्य डॉ. अजय दहिया और समन्वयक डॉ. अनुपमा पात्रा के नेतृत्व में सभी प्रतिभागियों ने वॉकाथॉन द्वारा विवि और समाज के बीच संवाद और सहयोग की भावना को और मजबूत किया।