बीएमयू के छात्र धीरज ने एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

बीएमयू के छात्र धीरज ने एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के छात्र धीरज कुमार मलिक ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड में आयोजित जूनियर एशियन ग्रीको-रोमन कुश्ती चैंपियनशिप-2026 के 77 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है।

धीरज ने कठिन मुकाबलों का सामना करते हुए अपने उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया और कांस्य पदक जीता। धीरज उत्तर प्रदेश में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता के 77 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर चुके हैं। चंडीगढ़ विवि में आयोजित एआईआईयू इंटर यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता। इससे पहले सीनियर हरियाणा राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं।

बीएमयू के कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी ने धीरज को बधाई देते हुए कहा कि विवि का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने धीरज की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कुलपति प्रो. बी.एम. यादव ने कहा कि विवि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट खेल सुविधाएं एवं प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार व खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने भी धीरज को शुभकामनाएं दी।