भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक में 4706 शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम करने का खाका तैयार

प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली की अध्यक्षता में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं आगामी कार्य योजना को लेकर हुआ विमर्श।

भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक में 4706 शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम करने का खाका तैयार

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के स्थापना दिवस के बाद अब शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर आगामी 21 व 22 अप्रैल को 4706 शक्ति केंद्रों पर बड़े स्तर पर बैठक करने की व्यापक योजना-रचना तैयार की है। प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में भाजपा कार्यालय मंगल कमल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं आगामी कार्य योजना को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया। इस दौरान संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, डा. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया विशेष तौर पर मौजूद रहे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 20 हजार 629 बूथों पर धूमधाम से मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने मोदी और नायब सैनी सरकार की उपलब्धियां और भाजपा की नीतियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि डा. भीम राव अंबेडकर की जयंती को भाजपा सभी बूथों पर मनाएगी। 13 अप्रैल को जहां-जहां डा. अंबेडकर की मूर्तियां लगी हैं, वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और सायंकाल दीपोत्सव होगा। 14 अप्रैल को डा. अंबेडकर की जयंती पर उनकी मूर्तियों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। इस दौरान हरियाणा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश प्रवक्ता राज कुमार कटारिया भी मौजूद रहे।

बड़ौली ने कहा कि 20 अप्रैल तक गांव चलो-बस्ती चलो अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित और स्थापित किया है। भाजपा कार्यकर्ता गांव और बस्तियों में लोगों के साथ पंचतीर्थ और डा. अंबेडकर के विचारों पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनावी मोड में रहती है। आने वाले समय में नगर निकाय, परिषद व पालिका के चुनाव होने हैं। भाजपा के प्रत्याशी ये चुनाव जीते, इसके लिए पार्टी ने चुनाव जीतने की व्यापक योजना रचना तैयार की है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव हैं और इन राज्यों में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने असम में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के कुशासन से वहां की जनता परेशान है। टीएमसी की सरकार में जातीय दंगे हुए और लोगों को परेशान किया गया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में 100 फीसदी भाजपा की सरकार बनेगी और लोगों को टीएमसी के कुशासन से मुक्ति मिलेगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कहने के लिए कुछ बचा नहीं है। कांग्रेस के नेता बेतुकी बातें करते रहते हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए अनेकों कार्य किए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण, लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम मोदी सरकार ने किया है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि बुधवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में जनता को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद व उठान सही तरीके से हो, इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यापक योजना तय की है। मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई हैं, जो मंडियों में निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं भी निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि किसानों को कोई दिक्कत ना आए। उन्होंने कहा कि -जे फार्म कटने के बाद 48 घंटों में किसानों के बैंक अकाउंट में पैसे आ रहे हैं। हरियाणा में किसानों की सभी 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है। हरियाणा के किसानों को जितनी सुविधाएं नायब सैनी सरकार दे रही है, उतनी किसी अन्य राज्यों में नही मिल रही।

मंत्री बेदी ने कहा कि हरियाणा के किसानों को कोई दिक्कत नहीं है। जिन किसानों ने मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपनी फसल की जानकारी दी है, उनकी फसलें खरीदी जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान हमारे लिए सर्वोपरि है। आढ़ती, किसान, व्यापारी और लेबर को सरकार कोई समस्या नहीं होने देगी।