मानव सेवा का सबसे सरल और महान माध्यम है रक्तदानः कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ
विश्व रक्तदाता दिवस पर एमडीयू में रक्तदान शिविर में 38 यूनिट एकत्रित।
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर एमडीयू में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यूथ रेड क्रॉस इकाई द्वारा वन ड्रॉप ऑफ ब्लडः गिव ब्लड, सेव लाइव्स थीम पर आयोजित इस शिविर में कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने बतौर मुख्य अतिथि तथा कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस शिविर में 38 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
रक्तदाताओं की हौसला अफजाई करते हुए कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकती है। उन्होंने युवाओं और स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे सरल और महान माध्यम है।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि डोनेट ब्लड, सेव लाइव्स केवल एक संदेश नहीं, बल्कि संवेदनशील समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि हर स्वस्थ नागरिक को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में भागीदार बनना चाहिए। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने कहा कि रक्तदान महादान है और युवाओं की भागीदारी से समाज में जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम का संयोजन वाईआरसी कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अंजू धीमान तथा काउंसलर डॉ. समंदर कौशिक, डॉ. मीनू भान और डॉ. बिंदु ने किया। इस दौरान निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, डॉ. प्रताप राठी सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी और रक्तदाता मौजूद रहे।
Girish Saini 


