सेवा कार्यों से जनता के दिलों में उतर रहे हैं भाजपा कार्यकर्ताः पं. मोहन लाल बड़ौली
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने रोहतक में सेवा पखवाड़ा कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने ही बयानों से मजाक के पात्र बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की तरफ बढ़ रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता सेवा पखवाड़ा के दौरान लगभग दर्जनभर सेवा कार्यों में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान हर विधानसभा में मोदी मैराथन होगी और हर घर तक योजनाओं का प्रसार किया जाएगा। इस दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक भी मौजूद रहे।
जीएसटी पर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए एक सवाल के जवाब में बड़ौली ने कहा कि राहुल गांधी की विश्वसनीयता जनता में कभी नहीं रही। कांग्रेस सदा परिवार की पार्टी बनकर रही है, जबकि भाजपा सेवा के माध्यम से पूरे देश के जन-जन की पार्टी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य विकसित भारत बनाना है और इसमें जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा अभियान शुरू होगा, जिसकी शुरुआत 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर होगी और 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इसका समापन होगा। इसके तहत “वोकल फॉर लोकल“ को देशव्यापी रूप से बढ़ावा दिया जाएगा।
बड़ौली ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा के दौरान व्यापारियों, उद्योगपतियों के साथ संवाद किया जाएगा और लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना सोचे समझे कुछ भी बोल देते हैं, उन्हें खुद पता नहीं होता कि वह क्या बोल रहे हैं। एक अन्य सवाल के उत्तर में बड़ौली ने कहा कि अमेरिका के आगे भारत नहीं झुका। अमेरिका ने टैरिफ लगाया, लेकिन पीएम मोदी ने भारत के किसानों को ध्यान में रखते हुए कोई समझौता नहीं किया।
जीएसटी कटौती पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की आर्थिक मजबूती के लिए जीएसटी को रिफार्म किया है। सरकार को लगभग 47 हजार करोड़ राजस्व का नुकसान होगा, लेकिन यह पैसा जनता के काम आएगा। उन्होंने कहा कि लाड़ो लक्ष्मी योजना के पहले चरण में हरियाणा की 21 लाख महिलाओं को लाभ मिलेगा। बारिश से जलभराव और बाढ़ के सवाल पर उन्होंने कहा कि नायब सरकार लोगों को बचाने के लिए पहले से ही अलर्ट थी। पहले टांगरी, घग्गर व मारकंडा नदी से प्रदेश को काफी नुकसान होता था, लेकिन सरकार ने पहले ही नदियों व नालों की सफाई करवाई।
Girish Saini 

