भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया
रोहतक में बोलीः राहुल गांधी मौसमी नेता, केवल राजनीतिक अवसर आने पर ही सक्रिय दिखते हैं।
रोहतक, गिरीश सैनी। कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को रोहतक में आक्रोश मार्च निकाला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्थानीय सुभाष चौक पर एकत्रित हुए और वहां से अंबेडकर चौक होते हुए कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक पैदल मार्च किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला परिषद चेयरमैन मंजू हुड्डा सहित विभिन्न जिला ब्लॉक व मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं तथा देश की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास है। उन्होंने इस प्रकार के प्रदर्शन को दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय बताया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब नीट परीक्षा का मामला सामने आया था, तब वह लंबे समय तक विदेश में रहे और संसद का सत्र शुरू होने पर अचानक सक्रिय हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सकारात्मक चर्चा के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पेपर लीक के मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भी कई बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकारों ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पेपर लीक के मामलों में त्वरित कार्रवाई की है तथा परीक्षाओं को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।
राहुल गांधी को मौसमी नेता बताते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वे केवल राजनीतिक अवसर आने पर ही सक्रिय दिखाई देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं को गुमराह कर उन्हें राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं, जबकि देश का युवा विकास, पारदर्शिता और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ा है। कांग्रेस को 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर सबसे बड़ा आघात कांग्रेस शासन के दौरान हुआ था।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा हर विषय पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस तथ्य और तर्क के बजाय हंगामे की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि संसद जनता के करदाताओं के धन से चलती है और वहां जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। कांग्रेस सकारात्मक राजनीति के बजाय भ्रम और टकराव की राजनीति कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस जनता के वास्तविक मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयानों का उद्देश्य देश में अविश्वास का वातावरण बनाना है।
Girish Saini 


