एसआईआर पर भ्रम फैलाने और कांग्रेस की दिल्ली रैली को लेकर बरसे भाजपा राष्ट्रीय सचिव
रोहतक में धनखड़ बोलेः लोकतंत्र के नाम पर अराजकता बर्दाश्त नहीं
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का प्रहरी है और देश में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे वीरवार को जिला विकास भवन में भाजपा द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ गोष्ठी को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। गोष्ठी की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने की। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला महामंत्री नितिन जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में धनखड़ ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भ्रामक प्रचार कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पहले भी कई बार हुआ है, जिनमें दस बार कांग्रेस शासनकाल में हुआ।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की दुहाई देने से पहले आपातकाल के दौर को याद करे। उन्होंने प्रधानमंत्री और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ बयानबाजी को अनुचित बताया।
उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस रैली पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, दिवाली के दौरान रैली से व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और विरोध संवैधानिक मर्यादाओं में होना चाहिए।

Girish Saini

