हरियाणा दिवस पर रोहतक में पदयात्रा करेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी होंगे शामिल, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने तैयारियों की समीक्षा की
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत रोहतक लोकसभा क्षेत्र में प्रस्तावित पदयात्रा अब 31 अक्टूबर के बजाय 1 नवंबर को हरियाणा दिवस पर आयोजित होगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शामिल होंगे।
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भाजपा कार्यालय मंगल-कमल में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी को जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि अभियान के माध्यम से जनता के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक जवाबदेही और जनहित के मुद्दों को उठाया जा रहा है। प्रदेश के अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भी पदयात्राएं होंगी। एक नवंबर को फरीदाबाद में पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल होंगे, जबकि 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करनाल में पदयात्रा करेंगे। इसी दिन शाह अंबाला छावनी में शहीदी स्मारक का लोकार्पण और जनसभा को संबोधित करेंगे।
बैठक में पदयात्रा के प्रदेश संयोजक व प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, प्रदेश सचिव प्रतिभा सुमन, पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

