गांधी जयंती पर भाजपाइयों ने बापू को किया नमन
रोहतक, गिरीश सैनी। गांधी जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। डी-पार्क स्थित गांधी प्रतिमा और वैश्य स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों में नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के उनके विचारों को याद किया।
बतौर मुख्य अतिथि, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल और जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने शिरकत की। वक्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में सेवा, सद्भाव और स्वच्छता की भावना को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने की प्रेरणा देते हैं। स्वच्छता और सेवा को जन अभियान बनाकर गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Girish Saini

