लाठी और गोली के दम पर सरकार चला रही है बीजेपी-जेजेपीः पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा

लाठी और गोली के दम पर सरकार चला रही है बीजेपी-जेजेपीः पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा

कहा, हर वर्ग चाहता है गठबंधन सरकार से मुक्ति।

रोहतक, गिरीश सैनी। बीजेपी-जेजेपी की सरकार सिर्फ लाठी और गोली के दम पर चल रही है, जबकि लोकतंत्र में लोगों का दिल जीतने से सरकार चलती हैं। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। रोहतक में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हुड्डा ने अतिथि अध्यापकों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में इसे निंदनीय कार्रवाई बताते हुए कहा कि बीजेपी-जेजेपी सिर्फ लाठी और गोली की भाषा जानती है। गेस्ट टीचर ही नहीं इससे पहले किसान, मजदूर, कर्मचारी, कच्चे कर्मचारी, सफाई कर्मी समेत हर वर्ग इस सरकार के अत्याचार का शिकार हो चुका है। यही वजह है कि हर वर्ग इस सरकार से मुक्ति चाहता है। जनता ने हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। भारत जोड़ो यात्रा, विपक्ष आपके समक्ष और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की कामयाबी के बाद अब पार्टी  ‘जन आक्रोश रैली’ के जरिए लगातार जनसंपर्क में जुटी हुई है। सभी नेता लगातार जनता के बीच में हैं। जब तक हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध, नशे, कर्ज और जनता पर अत्याचार में नंबर वन बनाने वाली सरकार को उखाड़ कर नहीं फेंक देते, तब तक कांग्रेसी चैन की सांस नहीं लेंगे।

खिलाड़ियों द्वारा पुरस्कार वापसी पर हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ी देश की शान हैं। उन्हें न्याय के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है। जबकि सरकार को खुद आगे आकर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। लेकिन सत्ता में बैठे लोग आरोपियों का बचाव कर रहे हैं। हरियाणा की बीजेपी-जेजेपी सरकार मूकदर्शक बनी तमाशा देख रही है।

नव वर्ष के मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए 2024 में देश व प्रदेश की प्रगति के लिए प्रार्थना की।