भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब पहुंचे राजकुमार शर्मा के घर

लोकसभा चुनाव को लेकर की चर्चा। 

भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब पहुंचे राजकुमार शर्मा के घर

रोहतक, गिरीश सैनी । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब शुक्रवार को पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार शर्मा के निवास पर मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान लोकसभा सांसद डॉ अरविंद शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद रहे।  

बिप्लब कुमार देब ने राजकुमार शर्मा से आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर रोहतक लोकसभा के अंतर्गत आने वाली सभी नौ विधानसभाओं की सिलसिलेवार चर्चा की। इस चर्चा के दौरान सभी विधानसभाओं के जातीय समीकरणों के साथ-साथ वहां पर पिछले चुनाव के हालातो को लेकर भी बातचीत हुई। 

राजकुमार शर्मा ने प्रदेश प्रभारी को बताया कि वह स्वयं दो लोकसभा चुनाव भी रोहतक से लड़ चुके हैं। वर्ष 1991 में पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सामने भाजपा की सीट से चुनाव लड़ा। भाजपा ने इस कर्तव्य निष्ठा और पार्टी के प्रति समर्पित भावना को देखते हुए कुछ समय बाद ही उन्हें जिला अध्यक्ष बनाया। इसी तरह वर्ष 2009 में भी रोहतक लोकसभा से बसपा की सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। 

राजकुमार शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा का भी काफी असर आमजन में देखने को मिल रहा है। प्रदेश के लोगों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही गांव-गांव में जाकर उनके घरों पर ही उपलब्ध करवाया जा रहा है।