पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के गढ़ में गरजे भाजपा प्रभारी बिप्लब देब 

- कहा, जनता को सम्मान मोदी ही दे सकते हैं, राहुल और हुड्डा नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के गढ़ में गरजे भाजपा प्रभारी बिप्लब देब 

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में जमकर गरजे। बिप्लब देब ने हुड्डा के गांव सांघी में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि रोहतक की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही तीसरी बार भी प्रधानमंत्री देखना चाहती है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को घर में घेरते हुए कहा कि हरियाणा की जनता को रोटी से पहले सम्मान चाहिए और प्रदेश की जनता को सम्मान केवल प्रधानमंत्री मोदी ने दिया है, राहुल गांधी और हुड्डा ने नहीं। 

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने यात्रा में उमड़े सांघी गांव के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी तथा इनका लाभ उठाने का आह्वान भी किया। विकसित भारत संकल्प यात्रा में रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगडा सहित अन्य नेताओं ने भी मोदी-मनोहर सरकार की योजनाओं को जनता के सामने रखा। 

रोहतक के तीन दिवसीय प्रवास के पहले दिन गांव सांघी में अपने शानदार स्वागत से गदगद भाजपा प्रभारी ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा के शासनकाल में यहां 12-12 फुट के गड्ढे होते थे ताकि कोई दूसरी पार्टी के नेता यहां नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं, हमें यहां आने से कोई गड्ढा, नदी, नाला, पहाड़ नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का शासन नहीं है, अब मोदी सरकार है और नागरिकों को अधिकार मांगने की जरूरत नहीं है। सभी लोगों को अधिकार स्वतः मिल रहे हैं। मोदी के विकास का रथ गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को सुविधाएं दे रहा है।

प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा किसानों का प्रदेश है। हरियाणा दूसरे प्रदेशों को अनाज देता है। हरियाणा के लोगों को अगर कुछ चाहिए तो वह सम्मान चाहिए। उन्होंने सांघी गांव के लोगों से सवाल करते हुए कहा कि आप लोग बताएं कि आपको सम्मान पहले चाहिए या रोटी? जनता की तरफ से आई पहले सम्मान चाहिए की आवाज सुनकर  बिप्लब देब ने कहा कि यह सम्मान आप लोगों को राहुल गांधी व हुड्डा नहीं, सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी ही दिला सकते हैं।

बिप्लब कुमार देब ने राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ललकारते हुए कहा कि सांघी गांव के लोगों को सम्मान चाहिए। हरियाणा के लोग रोटी कम खा लेंगे, लेकिन देश और प्रदेश के सम्मान को कम नहीं होने देंगे। 

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता में जो सम्मान है, उसी का परिणाम सांसद अरविंद शर्मा है, जिसे यहां की जनता ने आशीर्वाद देकर संसद में भेजा है। क्योंकि रोहतक की जनता चाहती है कि देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही रहे।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी भाषण देते हैं तो वे कुछ भी बोल देते हैं, जनता का तो वे ध्यान नहीं रखते। जबकि भाजपा जनता की बात सुनने वाली पार्टी है।

सांघी के मिले जबरदस्त आशीर्वाद से गदगद देब ने कहा कि जैसे आप लोगों ने पिछली बार मोदी का साथ दिया वैसा ही साथ अब देना है। 2024 चुनाव में मोदी के साथ खड़े रहना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री की फ़िटनेस से प्रभावित एक 87 वर्षीय बुजुर्ग कार्यकर्ता की ऊर्जा, जोश और जुनून को देखकर बिप्लब देब  गदगद हो गए और इन बुजुर्ग का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया।

लोकसभा सांसद डॉ अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर सहित अन्य नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब कृपाल आश्रम में पन्ना प्रमुख बलजीत के घर पर भी पहुंचे। पन्ना प्रमुख बलजीत ने प्रदेश प्रभारी के अचानक घर पर पहुंचने पर खुशी जताते हुए कहा कि भाजपा में ही कार्यकर्ताओं का परिवार के सदस्य की तरह ध्यान रखा जाता है। बिप्लब देब ने पन्ना प्रमुख का सम्मान करते हुए कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा परिवार है और हर कार्यकर्ता परिवार का एक सम्मानित सदस्य है।