रोहतक में भाजपा का प्रदर्शन, प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस को घेरा
महिला कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस भवन तक निकाला पैदल मार्च, एसआईआर और जेएनयू मामले पर उठाए सवाल
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को रोहतक में महिला कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रदर्शन कर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। रंगशाला परिसर से कांग्रेस भवन तक पैदल मार्च निकालने के बाद उन्होंने भवन के सामने धरना दिया। उन्होंने एसआईआर को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि चुनावों में लगातार हार से हताश विपक्ष जनादेश स्वीकार करने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन और आम आदमी पार्टी समर्थित सीजेपी समूह पर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई हुई है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है। भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का जनता के बीच जवाब देंगे। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए देश को अस्थिर करने की कोशिशों का मुकाबला करने की बात कही।
जेएनयू मामले में कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब
डॉ. अर्चना गुप्ता ने जेएनयू में 11 छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले और कांग्रेस सांसद एवं प्रोफेसर डॉ. अंगोम्चा बिमोल अकोईजम की बर्खास्तगी का मुद्दा उठाया। उन्होंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी पर सवाल करते हुए पूछा कि महिला अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस पीड़ित छात्राओं के साथ खड़ी है या अपने सांसद का बचाव कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में जनता जवाब देगी।

Girish Saini

