बाजरे की खरीद में भाजपा सरकार का ‘खेल’ उजागर, एमएसपी के नाम पर किसानों से धोखाः सुरजेवाला
खरीद पोर्टल दोबारा खोलने और 15 दिसंबर तक खरीद जारी रखने की मांग, सात दिन में भावांतर भुगतान का अल्टीमेटम
चरखी दादरी, गिरीश सैनी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बाजरे की सरकारी खरीद नहीं होने और किसानों को एमएसपी से कम दाम मिलने पर भाजपा सरकार को घेरा। दादरी अनाज मंडी में किसानों, खेत मजदूरों और आढ़तियों के धरने को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 2,900 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी घोषित करने के बावजूद बाजरे की प्रभावी सरकारी खरीद नहीं की।
सुरजेवाला ने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि 2025-26 में हरियाणा में केवल 61 क्विंटल और 2026-27 में महज 420 क्विंटल बाजरे की खरीद हुई। वहीं, किसानों को मंडियों में 1,800 से 2,200 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिला। उन्होंने कहा कि 600 रुपये प्रति क्विंटल भावांतर देने की घोषणा के बावजूद किसानों को अब तक भुगतान नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद का पोर्टल 15 नवंबर की बजाय 10 नवंबर को ही बंद कर दिया गया। सुरजेवाला ने पोर्टल 15 दिसंबर तक खोलने, एमएसपी पर खरीद शुरू करने, सात दिन में भावांतर राशि देने और आढ़तियों को 2.5 प्रतिशत कमीशन देने की मांग की। उन्होंने मांगें नहीं मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
इस दौरान पूर्व सीपीएस रणसिंह मान व रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान व जसबीर मल्लोर, चरखी दादरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील धानक, एआईसीसी सदस्य राजेश संदलाना, किसान नेता राजू मान, सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini

