भाजपा संगठन को राज्य सरकार का मिलेगा भरपूर सहयोगः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

भाजपा संगठन को राज्य सरकार का मिलेगा भरपूर सहयोगः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा भाजपा में नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष लोकसभा सांसद नायब सिंह सैनी को पदभार ग्रहण करवाया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी एवं नवनियुक्त भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्थानीय हुडा कॉम्पलेक्स स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पदग्रहण समारोह में शिरकत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का पार्टी संगठन को हर संभव सहयोग मिलेगा तथा सभी एकजुट होकर एक दिशा में कार्य करते हुए पार्टी को और मजबूती देंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुज्जर, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी तथा नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने डॉ. मंगल सैन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ व अन्य भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया।

सीएम मनोहर लाल ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी के संदर्भ में कहा कि उन्होंने अब तक अपने सभी दायित्वों को बखूबी निभाया है तथा प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर भी वे नए आयाम स्थापित करते हुए पार्टी को बुलंदियों पर ले जायेंगे। उन्होंने निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष एवं नियुक्त राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ के प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल के बारे में कहा कि उनका यह कार्यकाल अतुलनीय एवं अद्वितीय रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सचिव के तौर पर प्रदेश संगठन को केंद्रीय संगठन में भी भागीदारी मिली है, जिसका प्रदेश भाजपा को लाभ होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य में नगर निगम, लोकसभा व प्रदेश में विधानसभा के चुनाव के लिए सभी तैयार रहे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वे रोहतक में नायब सिंह सैनी तथा ओम प्रकाश धनखड़ के साथ एक टीम के रूप में कार्य कर चुके है तथा यह टीम पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे तथा पार्टी की मजबूती के रणनीति तय करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रथम प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कमला वर्मा से लेकर सभी 13 अध्यक्षों ने पार्टी को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि पार्टी संगठन को सरकार का पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1980 से पार्टी संगठन कार्य कर रहा है तथा 1996 में परिवर्तन देखने को मिला, जब पार्टी मजबूत होकर उभरी। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन का पूरा तालमेल रहेगा।

केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष लोकसभा  सांसद नायब सिंह सैनी तथा नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने नायब सिंह सैनी को प्रदेश भाजपा के लिए नायाब हीरा बताया। उन्होंने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी में ही छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़े से बड़ा दायित्व मिल सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी में क्षमता व योग्यता के अनुसार कार्यकर्ताओं को दायित्व मिलता है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी को सरकार व संगठन का पूरा अनुभव है तथा उनके नेतृत्व में पार्टी और तेजी से आगे बढ़ेगी तथा पार्टी को ताकत मिलेगी।

नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में ईश्वर के स्वरूप को देखा है। कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से प्रदेश में 76 पन्ना प्रमुख सम्मेलन हुए है तथा उनके कार्यकाल के दौरान परिश्रम की पराकाष्ठा तक कार्यकर्ताओं ने कार्य किया है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत व टीम वर्क के रूप में कार्य कर पार्टी को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को सरकार व पार्टी नेतृत्व का पूरा समर्थन व आशीर्वाद मिला है।

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी बहुत परिश्रमी व विनम्र स्वभाव के व्यक्ति है। उन्होंने कहा कि हम दोनों ने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पार्टी 2024 मिशन में सफल होगी। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दी।
बॉक्स :-
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष व लोकसभा सांसद नायब सिंह सैनी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को देवतुल्य की संज्ञा देते हुए सिर झुकाकर प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी में उनकी योग्यतानुसार समय-समय पर अनेक दायित्व सौंपे, जिस पर उन्होंने हमेशा खरा उतरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ से कार्य करने की प्रेरणा मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त की गई है, जो डॉ. मंगल सैन व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का मिशन था। उन्होंने सभी प्रदेश अध्यक्षों के योगदान का वर्णन करते हुए कहा कि उन्होंने सभी से बहुत कुछ सीखा है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीब कल्याण में नए आयाम स्थापित किये है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक को वास्तव धरातल पर लागू किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के मूलमंत्र पर चलते हुए कार्य किया है, जिससे उन्हें प्रेरणा मिली है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करेगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, लोकसभा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, रमेश कौशिक, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, कृष्ण लाल पंवार, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्षों मनीष ग्रोवर व कविता जैन, प्रदेश महामंत्रियों डॉ. पवन सैनी, विधायक मोहन लाल बडौली व एडवोकेट वेदपाल के अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नायब सिंह सैनी को पगड़ी पहनाई तथा गदा भेंट की। उन्होंने नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। पदग्रहण समारोह में उपस्थित अन्य मंत्रियों व पदाधिकारियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। जिला कार्यकारिणी द्वारा महामाला से सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।

पदग्रहण समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, लोकसभा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, रमेश कौशिक, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, कृष्ण लाल पंवार, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर व कविता जैन, ठाकुर विक्रम सिंह, प्रदेश महामंत्री डॉ. पवन सैनी, विधायक मोहन लाल बडौली, एडवोकेट वेदपाल, विधायक नरेंद्र गुप्ता, प्रवीण डागर, महिपाल ढांडा, घनश्याम सराफ, प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, ओएसडी गजेंद्र फोगाट, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर, मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, संतोष यादव, बबीता फोगाट, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, हरियाणा राज्य महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन, थानेसर मार्केट कमेटी के पूर्व सचिव सुरेश सैनी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।