कमजोर वर्ग के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में जुटी भाजपा सरकारः सीएम मनोहर लाल

कमजोर वर्ग के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में जुटी भाजपा सरकारः सीएम मनोहर लाल

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में सरकार कभी जाति की राजनीति नहीं करती। सरकार केवल दो जातियों अमीर व गरीब में ही विश्वास रखती है तथा गरीबों के कल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया है तथा भविष्य में होने वाले चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मेहनत की जायेगी।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी के पद ग्रहण समारोह के उपरांत प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अब तक प्रदेश भाजपा के सभी 13 अध्यक्षों ने पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य किया है। पार्टी द्वारा सांसद नायब सिंह सैनी को आगामी 3 वर्षों के लिए प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व सौंपा है, जिनके नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य व समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 2 लाख 95 हजार रुपये है, जो कांग्रेस पार्टी के शासनकाल से लगभग दोगुनी है। प्रदेश की जीडीपी 13 लाख करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि जीएसटी के तहत प्रदेश में अन्य बड़े प्रदेशों की तुलना में ज्यादा धन संग्रह हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में सामूहिक कार्य करने की नीति रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जनता के सामने सरकार द्वारा 9 उपलब्धियां रखी गई है। वर्तमान में प्रदेश का बजट 2.57 लाख करोड़ रुपये है। प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है तथा बिना भेदभाव प्रदेश के हर क्षेत्र में एक सम्मान विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की राशि सिंचाई के कार्यों पर खर्च की गई है तथा सरकार द्वारा प्रत्येक जिला में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज कार्यरत/प्रगति पर है तथा 8 मेडिकल कॉलेज का कार्य पाइपलाइन में है।

इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, मुख्यमंत्री के ओएसडी (प्रचार) गजेंद्र फोगाट, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक सहित अन्य मौजूद रहे।