भाजपा ने जनभावना से नहीं, वोटों की चोरी से हरियाणा में सरकार बनाईः दीपेन्द्र हुड्डा

वोट चोरी के खिलाफ आयोजित रोष प्रदर्शन में पहुंचे सांसद।

भाजपा ने जनभावना से नहीं, वोटों की चोरी से हरियाणा में सरकार बनाईः दीपेन्द्र हुड्डा

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा शनिवार को वोट चोरी के खिलाफ रोहतक जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित रोष प्रदर्शन में शामिल हुए। 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर चौक से भिवानी स्टैंड तक पैदल मार्च किया। इस दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी जितेन्द्र बघेल, विधायक भारत भूषण बतरा, शकुन्तला खटक व बलराम दांगी, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, चक्रवर्ती शर्मा सहित स्थानीय कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान सांसद ने कहा कि ‘वोट चोरी’ एक व्यक्ति, एक वोट के बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांत पर हमला है। आम हरियाणवी के गले ये बात नहीं उतर रही कि जो कांग्रेस बैलेट पेपर की गिनती में 75 से अधिक सीटों पर आगे थी, वो मशीन खुलते ही पीछे कैसे चली गयी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में केवल वोट चोरी नहीं हुई, बल्कि सत्ता चोरी हुई है। हरियाणा में जनभावना से नहीं, वोटों की चोरी से सरकार बनाई गई है। जनभावना हरियाणा में बदलाव की थी, लेकिन भाजपा ने जनभावना को भी चुराने का काम किया। वो जल्द ही तथ्यों के साथ हरियाणा में हुई वोट चोरी का खुलासा करेंगे।

सांसद ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सत्ता में बैठी बीजेपी और चुनाव आयोग की मिलीभगत से देश की चुनावी प्रक्रिया और वोटर लिस्ट में हो रही गड़बड़ियों को सबूत के साथ पूरे देश के सामने उजागर किया है। भाजपा ने वोट चोरी के जरिए हरियाणा, महाराष्ट्र सरकारें बनाई। कांग्रेस हालांकि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हार गयी, लेकिन उसी दिन नांदेड़ लोकसभा सीट का भी उपचुनाव था। जब परिणाम आए तो विधानसभा में भाजपा और लोकसभा में कांग्रेस जीत गयी। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा विधानसभा के चक्कर में लोकसभा की मशीनों को सेट करना भूल गयी।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश का चुनाव आयोग बीजेपी के सहायक की भूमिका में है। भाजपा साम-दाम-दंड-भेद, यंत्र-मंत्र-तंत्र जैसी सारी व्यवस्थाओं के इंतजाम से सत्ता पर काबिज होने के लिए चुनाव आयोग का सहारा ले रही है। हरियाणा में पिछले 15 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा मत प्रतिशत 2024 में मिला। भाजपा देश के संविधान से मिले वोट के अधिकार को छीन रही है और देश के संविधान व लोकतंत्र पर सीधा प्रहार कर रही है।उन्होंने सभी से मिलकर इस लड़ाई को लड़ने और देश के लोकतंत्र को बचाने की अपील की।